दिल्ली. निजामुद्दीन में तब्लीगी जमात के मरकज में 1 से 15 मार्च तक 5 हजार से ज्यादा लोग एक धार्मिक आयोजन में शामिल हुए।
इनमें इंडोनेशिया, मलेशिया और थाईलैंड से आए लोग भी थे। 22 मार्च को लॉकडाउन की घोषणा के बाद यहां 2 हजार लोग ठहरे हुए थे। इनमें से 200 लोगों को कोरोना से संक्रमित होने की आशंका है। संदिग्धों को जांच के लिए अस्पताल भेजा गया है। इन्हें सर्दी, खांसी और जुकाम की शिकायत है। इस जगह से 1200 लोगों को अभी निकाला जा रहा है।
निजामुद्दीन का यह मरकज इस्लाम की शिक्षा का विश्व का सबसे बड़ा केंद्र है, यहां कई देशों के लोग आते रहते हैं। मरकज से कुछ ही दूर पर सूफी निजामुद्दीन औलिया की मजार है, लेकिन इन दिनों दरगाह पूरी तरह बंद है।
तब्लीगी जमात के मरकज में शामिल दो हजार लोगों में से कुछ लोग अपने राज्यों में चले गए थे। लेकिन, यहां से जाने वालों में 6 कोरोना पॉजिटिव पाए गए और एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की रिपोर्ट अभी नहीं आई है। स्वास्थ्य विभाग, डब्ल्यूएचओ, नगर निगम और पुलिस की टीमें यहां से लोगों को निकालने का काम कर रही हैं।